
Raipur रेलवे स्टेशन में किन्नरों पर रेल पुलिस की कार्रवाई
ट्रेनों में यात्रियों से पैसे मांगने और दुर्व्यवहार के आरोप में दो गिरफ्तार
रायपुर। शासकीय रेल पुलिस (GRP) रायपुर ने ट्रेनों में यात्रियों से जबरन पैसे मांगने और दुर्व्यवहार करने की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई की है। बुधवार को पुलिस ने दो किन्नरों को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई आरोपितों के नाम जरीना जान (पालक आलिया जान, उम्र 24 वर्ष) और संतोषी साहू (पालक यामनी किन्नर, उम्र 30 वर्ष) बताए गए हैं। दोनों गोविंद नगर, सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर की निवासी हैं।

ट्रेनों में यात्रियों से अभद्रता की मिल रही थीं शिकायतें
रेल पुलिस के मुताबिक, हाल के दिनों में ट्रेनों में किन्नरों द्वारा यात्रियों से पैसे मांगने और बदसलूकी करने की शिकायतें लगातार बढ़ रही थीं। इस पर रेल पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा और उप पुलिस अधीक्षक एस. एन. अख्तर ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे।
रक्सौल–तिरुपति स्पेशल ट्रेन में हुई कार्रवाई
इन्हीं निर्देशों के तहत बुधवार को ट्रेन संख्या 07052 रक्सौल–तिरुपति स्पेशल के जनरल कोच में जांच की गई। इस दौरान यात्रियों ने सूचना दी कि कुछ किन्नर पैसे मांग रहे हैं और मना करने पर गाली-गलौज कर रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जरीना जान और संतोषी साहू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने यात्रियों से पैसे मांगने की बात स्वीकार की।
यात्रियों में नाराजगी, पुलिस ने की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
हालांकि किसी यात्री ने लिखित शिकायत नहीं दी, लेकिन यात्रियों में नाराजगी स्पष्ट दिखाई दी। कई लोगों ने मौखिक रूप से बताया कि पैसे न देने पर किन्नर धमकी देते हैं और गाली-गलौज करते हैं। पुलिस ने दोनों को थाने लाकर पूछताछ की और धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा क्रमांक 90/2025 में कार्रवाई की।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



