
IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर विमान के पास खड़ी बस में लगी आग, टला बड़ा हादसा…
नई दिल्ली। राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर सोमवार को अचानक एअर इंडिया की सर्विस बस में आग लग गई। बस उस समय विमान के पास खड़ी थी, लेकिन गनीमत रही कि उसमें कोई यात्री मौजूद नहीं था। अग्निशमन दल ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर आग पर तुरंत काबू पा लिया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
अग्निशमन दल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
सूत्रों के अनुसार, यह बस एअर इंडिया को ग्राउंड सर्विस मुहैया कराने वाली कंपनी की थी, जिसका उपयोग एयरपोर्ट कर्मियों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने के लिए किया जाता है।

आग लगने के दौरान बस एयरसाइड क्षेत्र में खड़ी थी। तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए एयरपोर्ट की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और कुछ ही मिनटों में आग बुझा दी।
किसी को नहीं पहुंचा नुकसान
अधिकारियों ने बताया कि बस और विमान के बीच पर्याप्त दूरी थी, जिससे विमान को नुकसान पहुंचने का खतरा नहीं हुआ। आग बुझाने के बाद किसी भी विमान को हटाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।

जांच जारी
फायर ब्रिगेड और एयरपोर्ट प्राधिकरण ने आग लगने के कारणों की प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका के अनुसार, आग तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



