
Bijapur: दो माह के शिशु की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने डॉक्टर और नर्स पर लापरवाही का लगाया आरोप
बीजापुर। जिले के उसूर ब्लॉक स्थित आवापल्ली स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान दो माह के शिशु की मौत हो गई, जिसके बाद अस्पताल परिसर में हंगामा मच गया। परिजनों ने डॉक्टर और ड्यूटी में रही नर्स पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद शिशु के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हल्का बुखार और सर्दी-खांसी में लाया गया था अस्पताल
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मुर्दोण्डा निवासी परिजन अपने दो माह के बच्चे को आज सुबह करीब 9 बजे हल्का बुखार और सर्दी-खांसी की शिकायत पर आवापल्ली स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे ।

परिजनों का कहना है कि डॉक्टर ने प्रारंभिक जांच के बाद बच्चे को सिरप या भाप देने के बजाय सीधे हाथ में कैनुला लगाकर एक के बाद एक इंजेक्शन लगाना शुरू कर दिया। उन्होंने डॉक्टर से सिरप लिखने की बात कही तो डॉक्टर और नर्स ने कहा — “हमें अपना काम करना आता है, आप मत सिखाइए।” कुछ देर बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों की मांग — डॉक्टर और नर्स पर हो कार्रवाई
परिजनों ने आरोप लगाया कि डॉक्टर और ड्यूटी पर रही सिस्टर की लापरवाही से बच्चे की मौत हुई है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बीएमओ बोले — परिजनों के आरोप गलत
इस पूरे मामले पर बीएमओ डॉ. उमेश ठाकुर ने कहा,“बच्चे को निमोनिया था और वह पहले से ही गंभीर हालत में था। अस्पताल में सामान्य उपचार किया गया। परिजन भावनात्मक स्थिति में हैं, इसलिए गलत आरोप लगा रहे हैं।”
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



