
जेल प्रहरी की दबंगई: ढाबा कर्मचारी की सरेआम पिटाई, CCTV में कैद हुई घटना
कांकेर। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर स्थित एक ढाबे में कांकेर जिला जेल के एक प्रहरी की दबंगई का मामला सामने आया है। मामूली कहासुनी के बाद जेल प्रहरी ने ढाबा कर्मचारी की सरेआम पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें तीन से चार लोग मिलकर कर्मचारी को जमीन पर पटकते और लात-घूंसों से मारते हुए दिखाई दे रहे हैं।
चप्पल पहनकर काउंटर में घुसने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार करीब एक सप्ताह पहले कांकेर जेल के कुछ प्रहरी खाना खाने के लिए राजमार्ग-30 स्थित ढाबे पर पहुंचे थे। ढाबा कर्मचारी ने उनमें से एक प्रहरी को काउंटर के अंदर चप्पल पहनकर जाने से रोका। इस बात से नाराज होकर प्रहरी वहां से चला गया। कुछ देर बाद दूसरा प्रहरी आया और उसने ढाबे के वेटर को जबरन बाहर निकालना शुरू कर दिया।
इस दौरान काउंटर पर बैठा कर्मचारी जब किचन की ओर गया, तभी पहला प्रहरी वापस आया और काउंटर में जाकर बैठ गया। कर्मचारी ने एक बार फिर कहा कि “कृपया चप्पल उतार दें।” इसी बात पर प्रहरी आगबबूला हो गया। उसने अचानक कर्मचारी को खींचा और थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद उसने और उसके साथियों ने मिलकर कर्मचारी को जमीन पर गिरा दिया और बेरहमी से पिटाई कर दी।

21-22 अक्टूबर की रात की घटना
यह घटना 21 और 22 अक्टूबर की दरमियानी रात की बताई जा रही है। ढाबे में लगे CCTV कैमरे में पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है कि एक सरकारी कर्मचारी इस तरह आम नागरिक के साथ मारपीट कर रहा है।
पुलिस को अब तक शिकायत नहीं मिली
इस मामले में कांकेर थाना के सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र मानिकपुरी ने बताया कि “अब तक इस घटना से संबंधित कोई शिकायत हमारे पास नहीं आई है। इसलिए फिलहाल हमारे पास कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।”
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि ढाबा कर्मचारी डर के कारण शिकायत दर्ज नहीं करा पाया है। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद लोग न्याय की मांग कर रहे हैं और आरोपी प्रहरी पर सख्त कार्रवाई की मांग उठा रहे हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



