
Raigarh: ग्राम चरोटी में युवती की हत्या का खुलासा: साइकोपैथ प्रवृत्ति के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
साइबर सेल और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, प्रेम संबंध में अनबन के चलते दिया वारदात को अंजाम
रायगढ़। जिले के थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चरोटी में एक युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने साइकोपैथ प्रवृत्ति वाले आरोपी सालिक राम पैकरा (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जिसने युवती की चाकू और लकड़ी से वार कर हत्या करने के बाद शव को पैरावट में जलाकर छिपाने की कोशिश की थी।

पैरावट में मिला युवती का जला हुआ शव
दिनांक 25 अक्टूबर 2025 की सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम चरोटी में पैरावट (पराली के ढेर) में एक युवती का शव जला हुआ अवस्था में पड़ा है।
सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच में मृतका की पहचान कु. तेजस्विनी पटेल (26 वर्ष), निवासी ग्राम चरोटी पटेलपारा, के रूप में हुई।
शव पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए और हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1036/2025 धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
प्रेम संबंध में आई दरार बनी हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि आरोपी सालिक राम पैकरा और मृतका तेजस्विनी पटेल के बीच पिछले 4–5 महीनों से प्रेम संबंध थे। दोनों बलौदाबाजार में मजदूरी का काम करते थे।
हाल ही में दोनों के बीच अनबन और अलगाव हो गया था, लेकिन आरोपी बार-बार युवती पर मिलने और साथ रहने का दबाव बना रहा था।
युवती के इनकार करने पर, आरोपी ने 24-25 अक्टूबर की दरम्यानी रात 1:30 से 2:00 बजे के बीच उसे मिलने बुलाया। विवाद के दौरान आरोपी ने चाकू और लकड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी और फिर शव को पैरावट में डालकर आग लगा दी।
आरोपी की मानसिक प्रवृत्ति और सोशल मीडिया की सनसनीखेज जानकारी
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी साइकोपैथ और अत्यंत क्रूर प्रवृत्ति का है।
वह महिलाओं से जुड़ी गतिविधियों में लिप्त रहता था और महिलाओं की तरह वेशभूषा धारण करता था।
पुलिस ने आरोपी के घर से ऐसे कई महिला रूप में खींचे गए फोटो बरामद किए हैं।
इसके अलावा आरोपी ने इंस्टाग्राम पर 19 अलग-अलग महिलाओं के नाम और फोटो से फर्जी अकाउंट बनाए थे, जिनका उपयोग वह महिलाओं को झांसा देने और संपर्क बनाने में करता था।
फरार होने से पहले ही पुलिस ने दबोचा
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर जाकर सो गया और सुबह सामान्य व्यवहार करते हुए ग्राम डमरू की ओर भागने की कोशिश कर रहा था।
लेकिन पुलिस की संयुक्त टीम (साइबर सेल और सिटी कोतवाली) ने सक्रियता दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में जांच टीम ने आरोपी से पूछताछ की और हत्या की वारदात का पूरा घटनाक्रम उजागर किया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



