
Raipur: महिला मित्र से विवाद के बाद युवक ने की आत्महत्या की कोशिश, पुलिस की सूझबूझ से बची जान
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक युवक ने अपनी महिला मित्र से हुए विवाद के बाद तनाव में आकर आत्महत्या का प्रयास किया। युवक रेलवे ट्रैक पर जाकर ट्रेन के सामने आने की प्रतीक्षा कर रहा था, लेकिन समय रहते पुलिस की सूझबूझ और तत्परता से उसकी जान बच गई। पुलिस ने युवक को समझाकर थाने लाया, परामर्श दिया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का मामला
यह घटना मंदिर हसौद थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, तेलीबांधा निवासी युवक पिछले कुछ दिनों से अपनी एक महिला मित्र के साथ व्यक्तिगत रिश्तों को लेकर विवाद में चल रहा था। इस विवाद के कारण युवक मानसिक तनाव और अवसाद से गुजर रहा था।
ट्रेन के सामने आने की कर रहा था कोशिश
सोमवार को सुबह करीब 11:50 बजे, युवक अपनी दुकान जाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में वह रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गया और ट्रेन के सामने कूदने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान गश्त कर रही पुलिस टीम ने युवक को देखा और तुरंत उसे रोक लिया।
पुलिस ने दिखाई तत्परता
पुलिस ने युवक से बातचीत कर उसका मनोबल बढ़ाया और उसे आत्मघाती कदम उठाने से रोका। बाद में उसे थाने लाकर समझाइश और परामर्श दिया गया। पुलिस ने उसके परिजनों को बुलाकर युवक को उनके सुपुर्द कर दिया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



