
Raigarh: 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी…अवैध धान पर सख्त निगरानी, बनाए गए 10 इंटरस्टेट चेकपोस्ट
रायगढ़। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने जा रही है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार अवैध धान खरीदी और अंतरराज्यीय तस्करी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने 10 इंटरस्टेट बॉर्डर चेकपोस्ट स्थापित किए हैं, जहां कोचियों और बिचौलियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

15 नवंबर से धान खरीदी शुरू
जिला खाद्य अधिकारी चितरंजन सिंह ने बताया कि किसानों से नकद और लिंकिंग के माध्यम से धान खरीदी 15 नवंबर से 31 जनवरी 2026 तक की जाएगी। इस वर्ष भी किसानों के लिए अधिकतम सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ (लिंकिंग सहित) निर्धारित की गई है। जिले की 69 समितियों के अंतर्गत 105 उपार्जन केंद्रों में खरीदी की जाएगी।
कोचिया या बिचौलियों पर की जाएगी कड़ी कार्रवाई
धान उपार्जन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मंडी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई कोचिया या बिचौलिया पंजीकृत किसान के नाम पर धान खपाने की कोशिश करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने पर वाहन व धान जब्त किए जाएंगे और आवश्यकतानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



