
Raigarh: कॉलेज प्रोफेसर चला रहा था ठगी गिरोह, रायगढ़ पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
रायगढ़। पुलिस आरक्षक के पद पर नौकरी लगाने के नाम पर एक युवक के साथ 11.30 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। रायगढ़ पुलिस ने इस फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए कॉलेज के हिंदी प्रोफेसर और एक कंप्यूटर ऑपरेटर को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के छह अन्य सदस्य अब भी फरार हैं। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।

दिव्यांग कोटे से नौकरी लगाने का झांसा
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक राहुल नामक युवक है, जो कि अलेन किंडो (60) का भतीजा है। आरोप है कि कॉलेज के हिंदी प्रोफेसर उत्तरा सिदार और कंप्यूटर ऑपरेटर संजू यादव ने दिव्यांग कोटे से आरक्षक (पुलिस आरक्षक) की नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे 11 लाख 30 हजार रुपए ठग लिए।
मार्च 2024 में प्रोफेसर उत्तरा सिदार ने राहुल से 50 हजार रुपए की मांग की थी। अलेन किंडो ने पहले 30 हजार रुपए दिए, जबकि बाकी 20 हजार रुपए संजू यादव को दिए गए। इसके बाद आरोपियों ने कहा कि रायपुर में रहने वाले विकास सिदार और उसके साथियों को भी पैसे देने होंगे।
आठ लोगों ने रचा था ठगी का षड्यंत्र
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे फर्जीवाड़े में कुल आठ आरोपी शामिल हैं। इनमें कॉलेज प्रोफेसर, कंप्यूटर ऑपरेटर और उनके सहयोगी शामिल हैं। पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि छह फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
नौकरी न मिलने पर दर्ज कराई रिपोर्ट
जब तय समय में राहुल को नौकरी नहीं मिली और आरोपी टालमटोल करने लगे, तब राहुल की बुआ ने चक्रधर नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू की। जांच में जुटी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



