
CRPF जवान ने ससुराल वालों पर लगाया प्रताड़ना और पैसे की मांग का आरोप, जहर खाकर दी जान देने की कोशिश
बलरामपुर। जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां जम्मू-कश्मीर के लाल चौक में तैनात सीआरपीएफ 132 बटालियन के जवान राजाराम प्रजापति ने अपने ससुराल वालों पर लगातार पैसे की मांग और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। जवान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करते हुए बताया कि ससुराल पक्ष के लोग उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

ससुराल वालों पर पैसे मांगने और धमकाने का आरोप
राजाराम प्रजापति, जो बलरामपुर जिले के ग्राम कुंदी कला निवासी हैं, ने वीडियो में कहा कि उनके सास, ससुर और पत्नी लगातार उनसे पैसे की मांग करते हैं। घर लौटने पर उनसे रुपए देने का दबाव बनाया जाता है और न देने पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी जाती है।
जहर खाकर दी जान देने की कोशिश
लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर जवान ने जहर का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों ने उन्हें तत्काल अम्बिकापुर के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने समय रहते उनकी जान बचा ली। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
2021 में हुई थी सीआरपीएफ में भर्ती
राजाराम प्रजापति वर्ष 2021 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे और वर्तमान में 132 बटालियन में अपनी सेवा दे रहे हैं। उनका ससुराल बलरामपुर जिले के ग्राम अधौरा में स्थित है।
पुलिस ने शुरू की जांच
वीडियो वायरल होने के बाद अम्बिकापुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला मणिपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि जवान के बयान और वीडियो के आधार पर पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



