
आंध्र प्रदेश में दर्दनाक बस हादसे का खुलासा: दो 12 केवी बैटरियों के विस्फोट से फैली थी आग
कर्नूल। आंध्र प्रदेश के कर्नूल जिले में शुक्रवार तड़के हुए दर्दनाक बस हादसे के बाद अब आग लगने की असली वजह सामने आई है। पुलिस ने जांच में पाया कि बस में लगी दो 12 केवी बैटरियों के फटने से आग तेजी से फैल गई थी। इस हादसे में 19 यात्रियों की जलकर दर्दनाक मौत हो गई थी।

दो जगहों से फैली थी आग
कर्नूल रेंज के डीआईजी कोया प्रवीन ने बताया कि बस में आग दो स्थानों से फैली थी। पहली जगह बाइक के फ्यूल टैंक के फटने से और दूसरी बस की बैटरी टूलकिट के पास से। उन्होंने कहा, “बस में लगे दो 12 केवी बैटरी पैक फट गए, जिससे आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।”
ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार
इस हादसे के सिलसिले में पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की बात सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार, बस में बैटरी की फिटिंग सही तरीके से नहीं की गई थी, जिससे शॉर्ट सर्किट की संभावना बनी रही।
घटना के बाद मचा था हाहाकार
घटना के समय बस में सवार यात्री गहरी नींद में थे। अचानक आग लगने से बस में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री बाहर निकल नहीं पाए और अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कई जिंदगियां राख में बदल चुकी थीं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



