March 6, 2026
Gariyaband : पुलिस की बड़ी सफलता, सूने मकानों और दुकानों में चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार 

Gariyaband : पुलिस की बड़ी सफलता, सूने मकानों और दुकानों में चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार 

Oct 25, 2025

गरियाबंद। जिले में लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर नकेल कसते हुए गरियाबंद पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह के मास्टरमाइंड पिता-पुत्र समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

एसपी निखिल राखेचा ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में ओडिशा के नवरंगपुर जिले के बारिगुडा निवासी सूरज बारीक (21 वर्ष), उसके पिता भुवनेश्वर बारीक (39 वर्ष), भूपेंद्र नेताम (20 वर्ष), उसका सगा भाई लिंगराज नेताम (22 वर्ष), चोरी का सामान खरीदने वाले देवबंद निवासी देवाशीष राउत रॉय, और रायपुर परसदा निवासी प्रीत मिस्त्री शामिल हैं।

आरोपियों के खिलाफ अमलीपदर थाना में एक और देवभोग थाना में तीन अपराध दर्ज हैं। उन्होंने 31 मार्च से 14 अक्टूबर के बीच सूने मकानों और दुकानों में सेंधमारी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इनके खिलाफ BNS की धारा 305, 331(4), 317 के तहत कार्रवाई की गई है।

बरामदगी:

पुलिस ने आरोपियों से चोरी किए गए 96 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत ₹12 लाख 10 हजार 400 रुपए बताई गई है। इसके अलावा ₹8 लाख मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, चोरी के पैसों से खरीदी गई ब्रेज़ा कार और एक बाइक भी जब्त की गई है।

मोबाइल की चोरी बनी सुराग:

मुख्य आरोपी भुवनेश्वर बारीक देवभोग के राजापारा इलाके में किराए के मकान में रहकर अपने पुत्र और साथियों के साथ इलाके में रेकी करता था। 14 अक्टूबर को इस गिरोह ने अमलीपदर की एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाकर 96 मोबाइल चोरी किए थे। बाद में कुछ मोबाइल देवबंद के व्यापारी को बेचे गए।

21 अक्टूबर को जब तीन चोरी के मोबाइल सक्रिय हुए, तो सायबर सेल ने उनकी लोकेशन ट्रैक की। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर देवभोग में किराए के मकान पर छापा मारा, जहां से बाकी मोबाइल बरामद किए गए।

लाखों के जेवरात की चोरी का भी खुलासा:

पूछताछ में आरोपियों ने देवभोग थाने के सामने सरकारी कर्मचारी शेष नारायण के मकान से हुई चोरी, और देवभोग व उरमाल के दो ज्वेलरी शॉप्स में हुई चांदी-गहनों की चोरी की घटनाओं को भी कबूल किया। पुलिस ने आरोपियों के बताए अनुसार रायपुर में छापा मारकर 2 किलो चांदी के जेवरात और सोने के गहने बरामद किए।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V

 


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix