
Baloda Bazar : ग्राम पलारी क्षेत्र के वटगन में फल विक्रेता की हत्या, सिर पर प्राणघातक वार से गई जान
बलौदाबाजार जिले के थाना पलारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम वटगन में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आज दिनांक 25 अक्टूबर 2025 की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम वटगन में एक फल विक्रेता की उसके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई है।
पुलिस और फॉरेसिंक टीम ने की मौके की जांच
सूचना मिलते ही थाना पलारी पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। साथ ही फॉरेसिंक टीम ने भी घटनास्थल एवं शव का सूक्ष्म परीक्षण किया। मृतक की पहचान ग्राम वटगन निवासी अमित गिरी (45 वर्ष) के रूप में हुई, जो फल विक्रेता के रूप में कार्य करता था।

रात के समय घर में अकेला था मृतक
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि घटना के समय मृतक घर में अकेला था। उसकी पत्नी और बच्चे रात में नाचा कार्यक्रम देखने के लिए ग्राम लटेरा गए हुए थे। इसी बीच अज्ञात आरोपी ने घर में घुसकर सिर पर प्राणघातक वार करते हुए उसकी हत्या कर दी।

हत्या का समय रात 10 बजे से सुबह 9 बजे के बीच का अनुमान
पुलिस जांच में अब तक यह पाया गया है कि हत्या की वारदात दिनांक 24 अक्टूबर की रात 10:00 बजे से लेकर 25 अक्टूबर की सुबह 9:00 बजे के बीच हुई होगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस ने कहा है कि प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



