
Jashpur: तंत्र-मंत्र के शक में भतीजे ने फूफू की टांगी से की हत्या
बगीचा थाना क्षेत्र के जामुन जोबला गांव में दिल दहला देने वाली वारदात, आरोपी गिरफ्तार
जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामुन जोबला में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी ही रिश्ते की फूफू की टांगी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि युवक को अपनी फूफू पर तंत्र-मंत्र करने का शक था, जिसके चलते उसने यह जघन्य अपराध किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

हड़िया पीकर लौट रहे थे दंपती, रास्ते में हुआ हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर 2025 की शाम ग्राम जामुन जोबला निवासी पंकज पहाड़ी अपनी पत्नी सुखाड़ी पहाड़ी (40 वर्ष) के साथ पड़ोस के घर हड़िया पीने गए थे। शाम करीब 5:30 बजे जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में सुखाड़ी पेशाब करने के लिए रुकीं।
इसी दौरान उसका रिश्ते का भतीजा मुकेश पहाड़ी (22 वर्ष) हाथ में टांगी लेकर वहां पहुंचा और अचानक फूफू के गले पर वार कर दिया।
बीच-बचाव में फूफा भी घायल
हमले के दौरान जब फूफा पंकज पहाड़ी बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी हमला किया, जिससे उनके पैर में चोट आई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मौके पर ही हो गई मौत
पंकज पहाड़ी जब वापस अपनी पत्नी के पास पहुंचे, तो देखा कि उसके गले से खून बह रहा था और वह मृत पड़ी थी। सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी मुकेश पहाड़ी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



