
Balrampur: इंस्टाग्राम रील बनाने को लेकर पति ने पत्नी की हत्या की
सोशल मीडिया के शौक ने ली जान, राजपुर थाना क्षेत्र के अखोराखुर्द गांव में वारदात
बलरामपुर। जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां इंस्टाग्राम रील बनाने के विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि महिला को सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक था, जिससे उसका पति बेहद नाराज रहता था। गुस्से में आकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

इंस्टाग्राम रील से नाराज था पति
जानकारी के अनुसार, यह घटना राजपुर थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी बरियों अंतर्गत ग्राम अखोराखुर्द (जवाखाड़) की है। मृतका किरन (25 वर्ष) अक्सर इंस्टाग्राम पर रील बनाती थी, जिससे उसका पति कुंदन राम (28 वर्ष) नाराज रहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
झगड़े के दौरान गुस्से में उतारा मौत के घाट
घटना वाले दिन भी पति-पत्नी के बीच इसी मुद्दे पर तीखी बहस हुई, जिसके बाद कुंदन राम ने गुस्से में चाकू से वार कर पत्नी की हत्या कर दी। यह पूरी वारदात घर के भीतर ही हुई, जिससे गांव में सनसनी फैल गई।
ग्रामीण ने दी पुलिस को सूचना
घटना की जानकारी स्थानीय ग्रामीण हिरनराम पहाड़ी कोरवा ने बरियों पुलिस चौकी में दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, आरोपी पति कुंदन राम को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



