
अमेरिका से भारत लाया गया बैंक धोखाधड़ी मामले में वांछित proclaimed अपराधी अंगद सिंह चंधोक, सीबीआई की बड़ी कार्रवाई
नई दिल्ली, 24 मई 2025
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमेरिका से वांछित घोषित अपराधी अंगद सिंह चंधोक को भारत लाने में सफलता पाई है। अंगद सिंह, जो कि वर्ष 2014 में दर्ज एक बैंक धोखाधड़ी मामले में वांछित था, को इंटरपोल के रेड नोटिस के तहत अमेरिका से प्रत्यर्पित कर दिल्ली लाया गया।

CBI के अनुसार, अंगद सिंह चंधोक के खिलाफ 24 जुलाई 2014 को आपराधिक षड्यंत्र, धोखाधड़ी और कूटरचना के आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि अंगद सिंह अपने पिता सुरेंद्र सिंह, मां हरलीन कौर, भाई हर्षाभ सिंह और अन्य चार आरोपियों के साथ मिलकर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को भारी वित्तीय नुकसान पहुंचाया था।
वर्ष 2016 में आरोपी अपने परिवार के साथ देश से फरार हो गया था। इसके बाद अदालत ने उन्हें वांछित अपराधी (Proclaimed Offender) घोषित कर दिया था और उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे।
CBI ने 22 मार्च 2017 को इंटरपोल से अंगद सिंह के खिलाफ रेड नोटिस जारी करवाया था, जिसे विश्वभर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ साझा किया गया। लगातार इंटरपोल चैनल्स के जरिए निगरानी रखने के बाद अंततः 23 मई 2025 को अंगद सिंह को अमेरिका से नई दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर लाया गया, जहां CBI ने उसे हिरासत में ले लिया। सभी कानूनी औपचारिकताओं के बाद उसे अदालत में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
CBI के मुताबिक, इस मामले में अंगद सिंह मुख्य सह-अभियुक्त है और उसके भारत वापस आने से अब इस धोखाधड़ी केस में मुकदमा शुरू हो सकेगा। वहीं, अन्य फरार परिजनों को भारत लाने की प्रक्रिया भी जारी है।
CBI ने यह भी बताया कि वह INTERPOL की राष्ट्रीय संपर्क एजेंसी के रूप में दुनिया भर की कानून एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करती है। वर्ष 2021 से अब तक 100 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



