
हाईवा वाहन में लूट की घटना का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार – एक फरार
रायपुर पुलिस, दिनांक 11.06.25
नवा रायपुर के सेक्टर-24 स्थित सीबीडी रेलवे स्टेशन के पास हाईवा वाहन में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की 3 पर्स, ₹600 नगद, एक चाकू और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन (क्रमांक CG 04 PF 5907) भी जब्त किया है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
घटना 09 जून 2025 की रात करीब 2:30 बजे की है, जब प्रार्थी मुकेश साहू अपने हाईवा ट्रक में मंदिर हसौद से पत्थर लोड कर बेंद्री स्थित क्रशर प्लांट जा रहा था। ट्रक में हेल्पर विष्णु प्रजापति, अभिषेक यादव और कृष्णा कुमार यादव भी सवार थे। जैसे ही वे सीबीडी रेलवे स्टेशन के पास पहुँचे, एक सफेद स्कॉर्पियो ने ट्रक को रोक लिया। स्कॉर्पियो से उतरे पांच युवकों ने ट्रक का शीशा तोड़कर चाकू की नोंक पर ड्राइवर और अन्य साथियों से पर्स, नकदी और मोबाइल लूट लिए और मारपीट कर फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर थाना राखी में अपराध क्रमांक 91/25 धारा 126, 324, 309(4), 310(2) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक कर्ण कुमार उके एवं थाना प्रभारी अजीत राजपूत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के CCTV फुटेज खंगालकर वाहन की पहचान की और मुखबिर की सूचना पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध कबूल किया।
गिरफ्तार आरोपी हैं:
- सोनू पटेल पिता हेमराज पटेल, उम्र 19 वर्ष, निवासी हीरापुर, थाना कबीरनगर।
- अजय साहू पिता भोला राम साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम जरवाय, थाना कबीरनगर।
- आकाश पासवान पिता शत्रुहन पासवान, उम्र 19 वर्ष, निवासी बिहारी मोहल्ला, ग्राम जरवाय, थाना कबीरनगर।
- लोकेश साहू पिता पुरुषोत्तम साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम जरवाय, थाना कबीरनगर।
पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है और शीघ्र ही उसकी भी गिरफ्तारी की संभावना है। रायपुर पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नागरिकों में विश्वास बढ़ा है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



