
पैसों की लालच ने बनाया अपराधी: अपने ही भाई के दुकान से की 35 लाख की ज्वेलरी चोरी, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र (चौकी स्मृतिनगर) में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सगे भाई ने ही अपने भाई की ज्वेलरी दुकान में 35 लाख रुपये की चोरी कर ली। पुलिस ने आरोपी राजकुमार सोनी और उसके फुफेरे भाई सुरेंद्र सोनी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया पूरा माल बरामद कर लिया है।
13 अक्टूबर शाम को हुई थी चोरी
प्रार्थी रवि सोनी ने 14 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका बड़ा भाई राजकुमार सोनी, जो पिछले 9 महीनों से ‘कांति ज्वेलर्स’ कोहका में सेल्समैन के रूप में काम कर रहा था, उसने 13 अक्टूबर की शाम दुकान में भीड़भाड़ का फायदा उठाकर लॉकर में रखे 40 सोने के मंगलसूत्र चोरी कर लिए। चोरी किए गए गहनों की कीमत लगभग 35 लाख रुपये बताई गई।

त्रिनयन ऐप से आरोपी पकड़ने में मिली मदद
शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 1231/2025 धारा 316(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू की। त्रिनयन ऐप की मदद से मिले सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को रायपुर की ओर जाते देखा गया। पुलिस ने आरोपी के ब्राह्मणपारा स्थित किराए के मकान में दबिश दी, जहां से चोरी के 29 मंगलसूत्र, 11 मंगलसूत्र गलाकर बनाए गए 2 सोने के बिस्किट और 2 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
आरोपी राजकुमार सोनी (50 वर्ष) और उसका फुफेरा भाई सुरेंद्र सोनी (45 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
*👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇*
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



