
एमआईसी सदस्य सीमा साहू ने कांग्रेस छोड़ भाजपा का थामा दामन, महापौर नहीं बनाए जाने से थी नाराज
भिलाई, 11 जून 2025:
भिलाई रिसाली नगर निगम की महिला एवं बाल विकास विभाग प्रभारी और एमआईसी सदस्य डॉ. सीमा साहू ने आज कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। सांसद विजय बघेल के निवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली। इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक और सांसद प्रतिनिधि पप्पू चंद्राकर ने उनका पार्टी में स्वागत किया।

डॉ. सीमा साहू, कांग्रेस की टिकट पर वार्ड क्रमांक 28 (वीआईपी नगर) से पार्षद चुनी गई थीं। महापौर पद अन्य पिछड़ा वर्ग की महिला के लिए आरक्षित होने के कारण उन्हें उस पद की प्रबल दावेदार माना जा रहा था। पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू से पारिवारिक संबंधों के चलते ऐसा भी कयास लगाया जा रहा था कि कांग्रेस उन्हें महापौर पद का प्रत्याशी घोषित करेगी। लेकिन अंतिम समय में कांग्रेस ने शशि सिन्हा को उम्मीदवार बनाया और वे महापौर निर्वाचित हुईं।
सूत्रों के अनुसार, डॉ. सीमा साहू का एमआईसी में होने के बावजूद महापौर शशि सिन्हा से तालमेल ठीक नहीं था, जिससे पार्टी में असंतोष बना रहा। इसी वजह से उन्होंने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामने का निर्णय लिया।
डॉ. सीमा साहू के भाजपा में शामिल होने से स्थानीय राजनीति में हलचल मच गई है और आने वाले समय में यह कदम भाजपा के लिए लाभकारी साबित हो सकता है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



