
Chhattisgarh में 2.23 लाख नए उज्ज्वला गैस कनेक्शन देगी सरकार
रायपुर। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के तहत छत्तीसगढ़ में 2 लाख 23 हजार नए घरेलू एलपीजी कनेक्शन देने का लक्ष्य तय किया है। इस योजना की मंजूरी मिलते ही राज्य में नई उज्ज्वला गैस कनेक्शन वितरण की प्रक्रिया शुरू होगी।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर शुरू होगी नई प्रक्रिया
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार पात्र हितग्राहियों को जल्द से जल्द कनेक्शन उपलब्ध कराने की तैयारी है। मंजूरी मिलते ही प्रदेश के विभिन्न जिलों में उज्ज्वला गैस कनेक्शन के वितरण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग ने जारी किए दिशा-निर्देश
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने इसके लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। विभाग के अनुसार, आवेदन स्वीकृत होने के 15 दिन के भीतर लाभार्थियों को नया गैस कनेक्शन प्रदान किया जाएगा।

नियद नेल्लानार योजना के आवेदकों को प्राथमिकता
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत आने वाले पात्र आवेदकों को कनेक्शन वितरण में प्राथमिकता दी जाएगी। इसका उद्देश्य है कि दूरस्थ व पिछड़े इलाकों के परिवारों तक भी स्वच्छ ईंधन पहुंचाया जा सके।
स्वच्छ ईंधन से बेहतर जीवन की दिशा में कदम
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य, रसोई के स्वच्छ वातावरण और ग्रामीण परिवारों के जीवनस्तर को सुधारने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


