
Sarguja: तेज रफ्तार कार-बाइक पर खतरनाक स्टंट, सरगुजा में युवकों का वीडियो वायरल
अंबिकापुर-मैनपाट रोड पर मौत को दांव पर लगाकर दिखाए करतब, पुलिस कर रही जांच
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ युवक तेज रफ्तार कारों और बाइकों पर जानलेवा स्टंट करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो अंबिकापुर-मैनपाट रोड का है, जो हाल ही में शूट किया गया है।

कार के दरवाजे से लटककर दिखाए स्टंट
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ युवक तेज रफ्तार से दौड़ती कारों के दरवाजे से लटककर बाहर निकलते हैं और कैमरे की ओर पोज़ देते हैं। वहीं, कुछ अन्य युवक बाइक पर खतरनाक करतब करते दिखाई दे रहे हैं। स्टंट के दौरान इन युवकों ने न तो हेलमेट पहना है और न ही किसी तरह के सेफ्टी गियर का इस्तेमाल किया है।
दरिमा थाना क्षेत्र का मामला
यह पूरा घटनाक्रम दरिमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बताया जा रहा है। जहां सड़क पर इस तरह की लापरवाही से न केवल उनकी जान खतरे में पड़ी, बल्कि राहगीरों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने इसे “मौत से खेल” बताते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय
वीडियो वायरल होने के बाद दरिमा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और युवकों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज और वाहनों के नंबर खंगाले जा रहे हैं। दोषी पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



