March 5, 2026
chhattisgarh :  बिलासपुर में रिश्वत लेने वाला कांस्टेबल सस्पेंड

chhattisgarh : बिलासपुर में रिश्वत लेने वाला कांस्टेबल सस्पेंड

Oct 18, 2025

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रिश्वत लेने वाले कॉन्स्टेबल को एसएसपी रजनेश सिंह ने सस्पेंड कर दिया है। साथ ही मामले की जांच के लिए डीएसपी हेडक्वार्टर को जिम्मेदारी देते हुए एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है। कॉन्स्टेबल का 1 लाख 5 हजार रुपए रिश्वत लेते वीडियो सामने आया है, जिसमें वो महिला के सामने रुपए गिनते नजर आ रहा है। पूरा मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि, पचपेड़ी थाने में पदस्थ आरक्षक गजपाल जांगड़े वीडियो में नोट गिनते स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उसके सामने महिला खड़ी है। सामने तखत पर नोट का बंडल रखा हुआ है। जिसके चलते आरक्षक गजपाल जांगड़े को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उसे पुलिस लाइन में अटैच किया गया है।

हेड-कॉन्स्टेबल समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर नहीं हुई कार्रवाई

मानिकचौरी के रहने वाले शिकायतकर्ता जोगी नायक ने वीडियो वायरल करने के साथ ही पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा से की है। अपनी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि उसे 6 अक्टूबर की शाम हेड कॉन्स्टेबल हरवेंद्र खुंटे ने पचपेड़ी थाने के सरकारी क्वार्टर में बुलाया था।

उसके साथ आरक्षक गजपाल जांगड़े, अजय मधुकर और मुरीत बघेल भी मौजूद थे। उन्होंने मिलकर उसे शराब के केस में जेल भेजने की धमकी दी, जिसके बाद उसका नाम गुंडा लिस्ट में होने के नाम पर भयादोहन किया। पुलिसकर्मियों ने उससे 2 लाख रुपए की मांग की थी।
लेकिन, 1 लाख 5000 रुपए में सौदा तय हुआ। हालांकि, एसएसपी रजनेश सिंह ने पीड़ित की शिकायत पर हेड-कॉन्स्टेबल और बाकी पुलिसकर्मियों के खिलाफ अभी कोई कार्रवाई नहीं की है।


पीड़ित और उसकी पत्नी को आरोपी बता रही पुलिस

आरक्षक के रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहा है। साथ ही पुलिस की छवि भी धूमिल हो रही है। पचपेड़ी टीआई श्रवण टंडन अपने मातहत पुलिसकर्मियों के बचाव में आ गए हैं। उन्होंने पुलिस अफसरों को बताया कि जोगी नायक आदतन बदमाश है। उसके खिलाफ थाने में आठ और उसकी पत्नी के खिलाफ 2 केस दर्ज है।
वहीं, आरक्षक गजपाल जांगड़े ने अपनी सफाई में पुलिस अफसरों को बताया कि मई में उसने जोगी नायक को दो लाख रुपए उधार दिए थे, जिसे वो लेने गया था। हालांकि, अब तक उसकी तरफ से इससे जुड़ा कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया है।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix