
Jashpur पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चेन्नई से 2.35 लाख की ऑनलाइन ठगी में शामिल Mule अकाउंट धारक गिरफ्तार
पीएम किसान निधि योजना के नाम पर ठगी, आरोपी ने किराए पर दिया था अपना बैंक खाता
जशपुर। जिले की आरा पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए चेन्नई से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ‘म्यूल अकाउंट’ (फर्जी बैंक खाते) का इस्तेमाल कर 2 लाख 35 हजार रुपए की धोखाधड़ी में अहम भूमिका निभाई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपना बैंक खाता किराए पर देकर यह ठगी करवाने में मदद की।

पीड़ित को पीएम किसान योजना के नाम पर फंसाया गया
मामला आरा पुलिस चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम टुकुटोली निवासी 50 वर्षीय राजू साय ने 12 जुलाई 2024 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 7 जुलाई को उन्हें एक अज्ञात मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप संदेश मिला, जिसमें पीएम किसान निधि योजना के भुगतान चालू होने का झांसा देकर एक ऐप लिंक पर क्लिक करने के लिए कहा गया।
लिंक पर क्लिक करते ही खाते से उड़ गए पैसे
राजू साय ने जैसे ही उस लिंक पर क्लिक किया, उनके बैंक खाते से 2 लाख 35 हजार रुपए गायब हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर टीम की मदद से लेन-देन की तकनीकी जांच की और ट्रांजेक्शन के जरिए ठगी में शामिल बैंक खाते की पहचान की।
चेन्नई से दबोचा गया आरोपी, म्यूल अकाउंट का इस्तेमाल कर रहा था गिरोह
जांच में पता चला कि यह खाता चेन्नई निवासी व्यक्ति के नाम पर था, जिसने कमीशन के लालच में अपना बैंक अकाउंट ठगों को किराए पर दे दिया था। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाकर आरोपी को चेन्नई से गिरफ्तार कर जशपुर लाया।
आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी (BNS की संबंधित धाराएं) और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश कर रही है, जो विभिन्न राज्यों में सक्रिय हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



