
हर राज्य में विशेष जेलें, विदेश में बैठे भगोड़ों के झूठे दावे होंगे खत्म: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को देश के सभी राज्यों में भगोड़े अपराधियों के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली विशेष जेलें बनाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि ऐसे कदम से विदेश में बैठे भगोड़े यह दावा नहीं कर सकेंगे कि भारत में उनके मानवाधिकार या न्याय प्रभावित होते हैं।
शाह नई दिल्ली में आयोजित सीबीआई के “भगोड़े अपराधियों के प्रत्यर्पण” विषयक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हर राज्य की राजधानी में ऐसी जेलें स्थापित की जाएंगी, जिनकी सुविधाएं और सुरक्षा स्तर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होंगे।

विजय माल्या, नीरव मोदी, मेहुल चोकसी जैसे मामलों का दिया उदाहरण
गृह मंत्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि विजय माल्या, नीरव मोदी और मेहुल चोकसी जैसे आर्थिक अपराधियों ने विदेशी अदालतों में यह तर्क दिया कि भारतीय जेलों की स्थिति खराब है, इसलिए उन्हें भारत प्रत्यर्पित नहीं किया जाना चाहिए। शाह ने कहा कि “ऐसी जेलें बनने से विदेशों में बैठे भगोड़ों के झूठे दावे खुद-ब-खुद खत्म हो जाएंगे।

रेड नोटिस वाले भगोड़ों के पासपोर्ट निरस्त करने के दिए निर्देश
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि इंटरपोल के रेड नोटिस वाले सभी भगोड़ों के पासपोर्ट तुरंत निरस्त किए जाएं, ताकि वे किसी अन्य देश में छिप न सकें। उन्होंने आगे कहा कि जब तक भगोड़ों के मन में भारतीय न्याय प्रणाली का डर नहीं बैठेगा, तब तक देश की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित नहीं हो सकती। सरकार की प्राथमिकता है कि हर अपराधी को कानून के दायरे में लाया जाए।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



