
Bilaspur : बाढ़ पीड़ितों के लिए हाईकोर्ट का मानवीय कदम , 26.40 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की मानवीय पहल पर हाईकोर्ट के सभी जजों, रजिस्ट्री के अधिकारियों सहित जिले के न्यायिक अधिकारियों ने बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए अपने एक दिन का वेतन दान किया है। इस पहल के तहत मुख्यमंत्री सहायता कोष में कुल 26 लाख 40 हजार 506 रुपए की राशि जमा कराई गई है।

बस्तर संभाग में आई प्राकृतिक आपदा से कई परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। घरों और संपत्तियों के नुकसान के कारण लोग कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे समय में न्यायपालिका ने न केवल अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन किया, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का भी परिचय दिया है।

बताया गया कि कुछ समय पहले चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने सभी जजों और न्यायिक अधिकारियों से अपील की थी कि वे बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं। इस अपील के बाद सभी जजों और न्यायिक अधिकारियों ने अपने एक दिन का वेतन मुख्यमंत्री सहायता कोष में दान कर दिया।
यह कदम न केवल बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए राहत लाने वाला है, बल्कि समाज में मानवता और सहयोग की भावना को भी सशक्त करने वाला उदाहरण बन गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



