
नान घोटाले में रिटायर्ड IAS आलोक शुक्ला और अनिल टुटेजा को मिली जमानत …
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित नान घोटाले मामले में रिटायर्ड IAS आलोक शुक्ला और IAS अनिल टुटेजा को रायपुर की विशेष कोर्ट ने जमानत दे दी है।

फिर भी जेल में ही रहेंगे अनिल टुटेजा
हालांकि, जमानत मिलने के बावजूद अनिल टुटेजा अभी भी जेल में रहेंगे। इसके पीछे कारण है कि उन्हें शराब घोटाले मामले में EOW द्वारा आरोपी बनाया गया है, इसलिए उनकी हिरासत जारी रहेगी। इस मामले में कोर्ट ने कहा कि नान घोटाले के संबंध में जमानत की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, लेकिन टुटेजा के खिलाफ अन्य जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।
जानिए क्या है नान घोटाला?
नान घोटाला फरवरी 2015 में सामने आया था, जब ACB/EOW ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करने वाली नोडल एजेंसी नागरिक आपूर्ति निगम (NAN) के 25 परिसरों पर एक साथ छापे मारे थे। छापे के दौरान कुल 3.64 करोड़ रुपए नकद जब्त किए गए थे। छापे के दौरान एकत्र किए गए चावल और नमक के कई नमूनों की गुणवत्ता की जांच की गई थी, जो घटिया और मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त थे। आरोप था कि राइस मिलों से लाखों क्विंटल घटिया चावल लिया गया और इसके बदले करोड़ों रुपए की रिश्वत ली गई। चावल के भंडारण और परिवहन में भी भ्रष्टाचार किया गया। शुरुआत में शिव शंकर भट्ट सहित 27 लोगों के खिलाफ मामला चला। बाद में निगम के तत्कालीन अध्यक्ष और एमडी का नाम भी आरोपियों की सूची में शामिल हो गया। इस मामले में दो IAS अफसर भी आरोपी हैं। फिलहाल, मामला अदालत में चल रहा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



