
Raipur : टिकरापारा नशा तस्करी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता, 27 आरोपियों के बाद दो और पेडलर चढ़े हत्थे
रायपुर। नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने एक अंतर्राज्यीय ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह नेटवर्क पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते छत्तीसगढ़ तक सक्रिय था। कार्रवाई में पुलिस ने लगभग 1 करोड़ रुपये मूल्य की 412.87 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), मोबाइल फोन, क्रेटा कार (CG 04 QH 7491), तौल मशीन, सिल्वर रोल पेपर, एटीएम कार्ड, चेकबुक और एक देशी कट्टा जब्त किया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर की गई। दोनों अधिकारियों ने नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और अंतर्राज्यीय सप्लायरों व स्थानीय नेटवर्क के गठजोड़ को समाप्त करने के निर्देश दिए थे।

अब तक 27 आरोपी गिरफ्तार
अब तक की कार्रवाई में कुल 27 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। इनमें पंजाब निवासी अंतर्राज्यीय तस्कर भी शामिल हैं। आरोपियों से पूछताछ और दस्तावेजों के तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े दो और पेडलर जिबरान सैफ (25 वर्ष) और लक्ष्मण कौशल उर्फ वीरू (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया।

आगे की कार्रवाई जारी
दोनों आरोपियों के कब्जे से ड्रग्स की खरीदी-बिक्री में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



