
Madhya Pradesh : रिटायर्ड आबकारी अधिकारी के ठिकानों पर छापा
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश में लोकायुक्त टीम ने रिटायर्ड आबकारी अधिकारी धर्मेंद्र सिंह भदौरिया के ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की। इस दौरान इंदौर और ग्वालियर समेत 8 स्थानों पर एक साथ सर्चिंग की गई, जिसमें लग्जरी कारें, 5 हजार यूरो की विदेशी मुद्रा और फिल्म प्रोडक्शन में निवेश के दस्तावेज मिले। लोकायुक्त पुलिस को गोपनीय शिकायत मिली थी कि भदौरिया ने अपनी वैध आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। छापेमारी में अब तक 75 लाख रुपये नकद, ढाई किलो सोना, चार किलो चांदी के आभूषण, महंगे परफ्यूम, घड़ियां, मोबाइल फोन और साड़ियां बरामद हुई हैं।

धर्मेंद्र सिंह भदौरिया 1987 में आबकारी विभाग में उपनिरीक्षक के पद पर भर्ती हुए थे और 31 अगस्त 2025 को अलीराजपुर जिले के जिला आबकारी अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए। उनके पूरे सेवा काल में वेतन और भत्तों के रूप में लगभग 2 करोड़ रुपये की आय हुई, लेकिन प्रारंभिक जांच में ही 8 करोड़ रुपये से अधिक के खर्च और निवेश के सबूत सामने आए हैं। लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि भदौरिया के बेटे सूर्यांश ने एक कंपनी बनाकर फिल्म निर्माण का काम किया, जिसमें भदौरिया ने पैसा निवेश किया था। उनकी बेटी अपूर्वा भी इस कार्य में शामिल रही।

छापेमारी इंदौर के ओल्ड पलासिया स्थित फ्लैट, कैलाश कुंज, बिजनेस स्काई पार्क, एवि ग्रीन फ्लैट, मनोरमा गंज में तीन बेडरूम वाला आलीशान फ्लैट और काउंटी वॉक इलाके में 4700 वर्ग फुट पर निर्माणाधीन बंगले पर की गई। ग्वालियर में इंद्रमणि नगर या विवेक नगर स्थित कान्ति कुंज मकान पर भी टीम ने दबिश दी। इंदौर की कार्रवाई के लिए उज्जैन और इंदौर के लोकायुक्त दल तैनात किए गए थे। शुरुआती एक घंटे में ही भदौरिया के घर से 75 लाख रुपये नकद, 1.5 किलो सोने की बार, 1 किलो सोने के गहने और 4 किलो चांदी के जेवरात बरामद हुए।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



