
Sukma: सड़क अभाव बना जीवन संकट, गर्भवती महिला को खाट में लेकर 10KM चलकर पहुंचाया स्वास्थ्य केंद्र
सुकमा। जिले के कोंटा ब्लॉक के भेजी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दंतेशपुरम में सड़क सुविधा का अभाव ग्रामीणों के लिए गंभीर संकट बन गया है। मंगलवार को सात माह की गर्भवती महिला माड़वी सोमडी को अचानक प्रसव पीड़ा हुई।
खाट में लेकर 10KM चले ग्रामीण
गांव में सड़क न होने के कारण ग्रामीणों ने महिला को खटिया पर बैठाकर लगभग 10 किलोमीटर तक पहाड़ी रास्तों से पैदल उठाकर एलाड़मड़गु तक पहुँचाया। वहां से बाइक एम्बुलेंस के माध्यम से महिला को कोंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।

महिला का इलाज जारी
बीएमओ डॉ. दीपेश चंद्राकर ने बताया कि महिला का इलाज जारी है और उनकी स्थिति स्थिर है। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में सड़क सुविधा का अभाव कई बार जीवन को खतरे में डाल चुका है और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।



