
Rajim : नकली कफ सिरप का खुलासा, कुलेश्वर मेडिकल स्टोर सील
छत्तीसगढ़, राजिम
राजिम के कुलेश्वर मेडिकल स्टोर में नकली और अमानक दवाओं की बिक्री का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने इस मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है और इसके संचालक सीताराम साहू के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। जाँच में पाया गया कि स्टोर में बिक रहा Besto-Cof कफ सिरप नकली था जिसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्टोर का लाइसेंस रद्द कर दिया।

नकली कफ सिरप का खुलासा
खाद्य एवं औषधि प्रशासन को सूचना मिली थी कि कुलेश्वर मेडिकल स्टोर में एक्सपायरी दवाओं पर रि-टैगिंग कर उन्हें दोबारा बेचा जा रहा है। इस शिकायत के आधार पर 21 जुलाई 2025 को ड्रग इंस्पेक्टर धर्मवीर ध्रुव के नेतृत्व में एक विशेष जाँच दल ने स्टोर पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान न केवल नशीली टैबलेट्स और एक्सपायरी दवाएं बरामद हुईं बल्कि कई अन्य अनियमितताएं भी सामने आईं। इनमें सबसे गंभीर मामला Besto-Cof कफ सिरप का था जिसे जाँच के लिए भेजा गया।

11 अक्टूबर 2025 को प्राप्त लैब रिपोर्ट ने चौंकाने वाले तथ्य उजागर किए। सिरप के लेबल पर उल्लिखित संघटन (composition) अमानक पाई गई और इसकी मात्रा भी निर्धारित मानकों से कम थी। यह सिरप नकली होने के साथ-साथ उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता था। ड्रग इंस्पेक्टर धर्मवीर ध्रुव ने बताया कि इस तरह की अनियमितता जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



