
Raigarh में नौकरी के नाम पर ठगी: युवक से 1 लाख रुपये की धोखाधड़ी, आरोपी फरार
रायगढ़। जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक से पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1 लाख रुपये की ठगी की गई। आरोपी ने दो लाख रुपये की मांग की थी और एक सप्ताह में ज्वाइनिंग लेटर देने का वादा किया था। लेकिन दो महीने बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए। अब पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है लेकिन आरोपी फरार है।

नौकरी की तलाश में ठगी का शिकार
जानकारी के अनुसार, किरोड़ीमल नगर निवासी किशन चंद्रा (31) पिछले कुछ महीनों से नौकरी की तलाश में था। इस दौरान उसे पता चला कि बरमकेला क्षेत्र के ग्राम पड़कीपाली निवासी कैलाश यादव ने ईतवारी बाजार में ‘जीवनधन रोजगार ऑफिस’ नाम से एक संस्थान खोल रखा है। यह संस्थान बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का दावा करता था। किशन ने कैलाश से संपर्क किया, जिसने पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने का वादा किया।
झांसे में आकर दिए 1 लाख रुपये
कैलाश ने किशन से नौकरी के लिए 2 लाख रुपये की मांग की और कहा कि एक सप्ताह के भीतर ज्वाइनिंग लेटर मिल जाएगा। भरोसा जीतने के लिए उसने कुछ फर्जी दस्तावेज भी दिखाए। किशन ने पहले चरण में 1 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। लेकिन तय समय बीतने के बाद न तो ज्वाइनिंग लेटर मिला और न ही कैलाश ने कोई संतोषजनक जवाब दिया। दो महीने तक इंतजार करने के बाद किशन को ठगी का अहसास हुआ।
पुलिस में शिकायत, आरोपी की तलाश जारी
किशन ने कोतवाली थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि कैलाश यादव पहले भी कई लोगों के साथ इस तरह की ठगी कर चुका है। पुलिस ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



