
पिता की हत्या करने वाले बेटे को पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा गया जेल
धमधा, 07 जून 2025 — थाना धमधा क्षेत्र के ग्राम राहटादाह में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने मामूली विवाद में अपने ही पिता की ईंट मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मुसाफिर दास मारकंडे (उम्र 27 वर्ष) ने थाना धमधा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 मई 2025 की रात करीब 10 बजे उसके बड़े पिता धरमपाल मारकंडे अपने घर में भोजन करने के बाद आराम कर रहे थे। उसी दौरान उनका पुत्र शंकरदास मारकंडे अपनी पत्नी लीला मारकंडे से झगड़ा कर रहा था। पिता धरमपाल ने जब बेटे को समझाने की कोशिश की, तो शंकरदास ने गाली-गलौज करते हुए कहा, “तू मुझे समझाने वाला कौन होता है,” और वहीं पास में रखी ईंट से उसके सिर पर हमला कर दिया।
इस हमले में धरमपाल को गंभीर चोटें आईं, विशेष रूप से सिर और बाएं आंख के पास। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 04 जून 2025 को उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 57/2025 के तहत धारा 296, 351(2), 115(2), 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी शंकरदास मारकंडे (उम्र 25 वर्ष) निवासी राहटादाह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक युवराज साहू, प्र.आर. राजकुमार चौहान, आरक्षक प्रशांत कुमार साहू, जितेंद्र धीवर, अलाउद्दीन शेख एवं अमित वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी:शंकरदास मारकंडे, उम्र 25 वर्ष, निवासी राहटादाह, थाना धमधा।
पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



