
Raigarh : ट्रक ड्राइवर से लूट करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
रायगढ़। जूटमिल पुलिस ने ट्रक ड्राइवर से मारपीट कर नकदी और मोबाइल लूटने वाले गिरोह के दो और सदस्यों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है। इस वारदात में कुल पांच आरोपी शामिल थे, जिनमें से तीन को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
पैसे और फोन लूट कर हुए फरार
घटना 20 अगस्त 2025 की है। ग्राम बिरगहनी (जांजगीर) निवासी विकास मिश्रा ने थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ट्रक ड्राइवर है। 15 अगस्त की रात वह ट्रक क्रमांक CG-04-NX-8429 में पूंजीपथरा का माल लोड कर रायगढ़ आ रहा था। रात करीब साढ़े बारह बजे जब वह सारंगढ़ बस स्टैंड के पास ट्रक खड़ा कर आराम कर रहा था, तभी कुछ अज्ञात युवक ट्रक में चढ़ आए और उसकी मारपीट कर दी। आरोपियों ने उसकी जेब में रखे ₹6,000 नकद और एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन लूट लिया और मौके से फरार हो गए।

आरोपियों से पूछताछ जारी
वारदात के दौरान बाहर खड़ा एक युवक ट्रक में चढ़े साथियों को “शिवा” नाम से पुकार रहा था, जिससे पुलिस को सुराग मिला। जांच के आधार पर पुलिस ने पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, और अब दो अन्य फरार आरोपियों को भी दबोच लिया गया है। जूटमिल पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने पहले भी ऐसी अन्य वारदातें की हैं या नहीं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



