
रिवाल्वर और देशी कट्टा के साथ हिस्ट्रीशीटर बादल बेहरा गिरफ्तार
मुजगहन पुलिस और एंटी क्राइम यूनिट की संयुक्त कार्रवाई
रायपुर पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना मुजगहन क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर बादल बेहरा को रिवाल्वर, देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन और मुजगहन में लगभग दो दर्जन अपराध दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।

सूचना पर त्वरित कार्रवाई
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर रायपुर पुलिस अवैध हथियारों की तस्करी और उनके उपयोग पर अंकुश लगाने के लिए सक्रिय है। सभी थाना प्रभारियों और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को इस संबंध में सूचना संकलन और प्रभावी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।
इसी क्रम में दिनांक 09.10.2025 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि थाना मुजगहन क्षेत्र के बोरियाकला, धनेली रोड, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सामने मुर्गी फार्म के पास एक व्यक्ति रिवाल्वर लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए तत्काल एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना मुजगहन पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
रंगे हाथ पकड़ा गया हिस्ट्रीशीटर
टीम ने मुखबीर द्वारा बताए हुलिए के आधार पर व्यक्ति को चिन्हित कर पकड़ा, जिसकी पहचान हिस्ट्रीशीटर बादल बेहरा के रूप में हुई। पूछताछ में बादल बेहरा ने रिवाल्वर के लिए कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने घर में छिपाए 01 देशी कट्टा और 01 जिंदा कारतूस की जानकारी दी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर ये हथियार भी बरामद किए।
जप्त सामग्री और कानूनी कार्रवाई
आरोपी के कब्जे से 01 रिवाल्वर, 01 देशी कट्टा और 01 जिंदा कारतूस जप्त किए गए। उसके खिलाफ थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 221/25, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की गई। बादल बेहरा थाना सिविल लाइन और मुजगहन का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या का प्रयास, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट और अन्य अपराधों के लगभग 24 मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
- नाम: बादल बेहरा, पिता स्व. अशोक बेहरा
- उम्र: 29 वर्ष
- पता: हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, ब्लॉक नंबर 49, बोरियाकला, थाना मुजगहन, जिला रायपुर
कार्रवाई में शामिल टीम
इस कार्रवाई में निरीक्षक सिद्धेश्वर प्रताप सिंह (थाना प्रभारी, मुजगहन), एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के प्रभारी निरीक्षक परेश पांडे, सउनि अतुलेश राय, प्रधान आरक्षक विक्रम वर्मा, पुष्पराज परिहार, आरक्षक राजेंद्र तिवारी, दिलीप जांगड़े, बोधेंद्र मिश्रा, केशव सिन्हा, मनोज सिंह, अमित वर्मा, और थाना मुजगहन से प्रधान आरक्षक गिरीश सक्सेना, आरक्षक निराधर ध्रुव, राकेश ठाकुर और चंद्रेश चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



