
Jaipur में साइबर ठगों का बड़ा खुलासा: 10 Crore की ठगी के 9 आरोपी गिरफ्तार,
जयपुर, 9 अक्टूबर 2025
राजस्थान की राजधानी जयपुर में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। श्याम नगर और पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने 24 घंटों के अंदर दो अलग-अलग होटलों में छिपे साइबर ठगों के गैंग का पर्दाफाश किया। इस कार्रवाई में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें आंध्र प्रदेश और राजस्थान के निवासी शामिल हैं। ये ठग जयपुर के होटलों को अपना अड्डा बनाकर देशभर में साइबर ठगी की वारदातें कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 56 एटीएम कार्ड, एक लैपटॉप, 32 मोबाइल फोन सहित सिम कार्ड, 8 अन्य सिम, 8 चेकबुक, 11 पासबुक, एक फर्जी कंपनी की स्टैंप और अन्य सामान बरामद किया है।

डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने बताया कि यह गैंग बेहद शातिर तरीके से काम करता था। पिछले एक वर्ष में इन्होंने राजस्थान, झारखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में 30 से अधिक साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। कुल ठगी की राशि 10 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। आरोपी मुख्य रूप से ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स, सट्टेबाजी और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए लोगों को फंसाते थे। इसके अलावा, वे किराए पर बैंक खाते खुलवाकर ठगी का पैसा सफेद करने का काम भी करते थे।
होटलों में छिपकर चल रहा था ठगी का धंधा
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि श्याम नगर थाना क्षेत्र के क्लासिक फैब होटल के कमरा नंबर 104 में कुछ संदिग्ध लोग ठहरे हुए हैं और वे साइबर ठगी की साजिश रच रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए श्याम नगर थाना पुलिस ने होटल पर दबिश दी। वहां से 5 साइबर ठग गिरफ्तार हुए, जो आंध्र प्रदेश के निवासी हैं। इनके पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन और कई सिम कार्ड बरामद हुए, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया जा रहा था।

इसी क्रम में पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने एक अन्य होटल में छापा मारा, जहां 4 राजस्थानी आरोपी छिपे हुए थे। ये आरोपी स्थानीय स्तर पर किराए के खाते मुहैया कराने का काम कर रहे थे। डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि ठगों ने होटलों के कमरों को अपना अस्थायी कार्यालय बना लिया था। यहां वे फर्जी प्रोफाइल बनाकर सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए शिकार तलाशते थे। एक आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि वे विदेशी सर्वरों का इस्तेमाल करके अपनी लोकेशन छिपाते थे, ताकि पुलिस का ध्यान न जाए।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



