
Durg: शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब
मुख्य आरोपी सोमेन्द्र पाटिल गिरफ्तार, करोड़ों की संपत्ति जप्त
भिलाई। चौकी स्मृति नगर थाना सुपेला पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी सोमेन्द्र पाटिल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 38 लाख रुपये की कार और लगभग 40 लाख रुपये का गूगल फोन समेत ठगी से अर्जित करोड़ों की संपत्ति जप्त की है।

शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
प्रार्थी करण शर्मा की लिखित शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बताया कि सूर्या माल जुनवानी में स्थित निशा बिजनेस कन्सलटेंट प्रायवेट लिमिटेड और यूनिक इन्वेस्टमेंट सॉल्यूशन के नाम से कार्यालय खोलकर निवेशकों को शेयर मार्केट में 20 से 40 प्रतिशत लाभ का लालच दिया गया। इस जालसाजी में शिकायतकर्ता से करीब 66 लाख 47 हजार रुपये की ठगी की गई।
पहले ही 5 आरोपी जेल में
इस मामले में पहले ही मुख्य आरोपी स्नेहांशु नामदेव, उसकी पत्नी डाली नामदेव, निशा मानिकपुरी, धातरी कोसरे और शुभम गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। जांच के दौरान मुख्य आरोपी स्नेहांशु नामदेव से पूछताछ में सोमेन्द्र पाटिल की संलिप्तता भी सामने आई।
सोमेन्द्र पाटिल का खेल
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सोमेन्द्र पाटिल ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर षड्यंत्रपूर्वक निवेशकों को 1 वर्ष में राशि दोगुनी करने का लालच दिया। इस गिरोह ने अब तक करीब 7 करोड़ रुपये निवेश कराया। इसमें से पाटिल को लगातार 30 प्रतिशत कमीशन मिलता था, जबकि वह निवेशकों की कुल राशि का 20 प्रतिशत खुद रखकर शेष रकम स्नेहांशु नामदेव को देता था।
अब तक आरोपी पाटिल ने करीब 4 करोड़ 50 हजार रुपये ठगी करने की बात स्वीकार की है।
जप्त संपत्ति
- महिंद्रा कार (सीजी 07 सीवाई 9080) – कीमत 38 लाख रुपये
- गूगल फोन – लगभग 40 लाख रुपये
- ठगी की रकम से खरीदी गई चल-अचल संपत्ति और संबंधित दस्तावेज
आरोपी का विवरण
नाम – सोमेन्द्र पाटिल
पिता का नाम – पुरुषोत्तम पाटिल
उम्र – 28 वर्ष
निवासी – सेक्टर-06, भिलाई नगर
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



