
Korba: नशे में धुत्त युवक ने दो युवकों की बेल्ट से की पिटाई, लोग बनाते रहे वीडियो
खरमोरा अटल आवास में 2 अक्टूबर को हुई घटना, पुलिस जांच में जुटी
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नशे की हालत में एक युवक ने दो अन्य युवकों को आधे घंटे तक दौड़ा-दौड़ाकर बेल्ट से पिटाई की। यह शर्मनाक घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के खरमोरा अटल आवास में 2 अक्टूबर को हुई। इस दौरान आसपास मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे और कुछ लोग मोबाइल पर वीडियो बनाते रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है और जांच शुरू कर दी है।

हाथ जोड़कर छोड़ने की गुहार, फिर भी नहीं रुकी पिटाई
जानकारी के अनुसार, पिटाई करने वाला युवक खरमोरा का रहने वाला है, जबकि मार खाने वाले दोनों युवक मुड़ापार के निवासी हैं। घटना के दौरान दोनों युवक नशे में धुत्त युवक से हाथ जोड़कर छोड़ देने की गुहार लगाते रहे, लेकिन उसने उनकी एक न सुनी और बेल्ट से लगातार पिटाई करता रहा। इस दौरान आसपास के लोग तमाशबीन बने रहे, लेकिन किसी ने भी बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की। कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
नशेड़ियों के उत्पात से परेशान हैं स्थानीय लोग
खरमोरा अटल आवास क्षेत्र में नशेड़ियों का उत्पात कोई नई बात नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं यहां पहले भी हो चुकी हैं। नशे में धुत्त युवकों के कारण क्षेत्र में अशांति का माहौल रहता है, जिससे लोग परेशान हैं। इसके बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से इस मामले में सख्त कदम उठाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस ने शुरू की जांच
वायरल वीडियो के आधार पर कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। वीडियो के आधार पर आरोपित युवक और पीड़ित युवकों की पहचान की जा रही है। शिकायत दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसी घटनाओं की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



