
Raipur में अवैध पेट्रोल-डीजल भंडारण का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर, 3 अक्टूबर – राजधानी रायपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संग्रहित किए गए पेट्रोल और डीजल के जखीरे का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी में पुलिस ने कुल 46,340 लीटर पेट्रोल-डीजल जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 44.30 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में दो अलग-अलग यार्डों से कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दोनों यार्ड के संचालक फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई रेंज साइबर थाना रायपुर और थाना विधानसभा पुलिस की संयुक्त टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर की।
पहला मामला – 42.90 लाख का डीजल/पेट्रोल जब्त
1 अक्टूबर को विधानसभा थाना क्षेत्रांतर्गत रिंग रोड-3, टेकारी चौक स्थित यार्ड में रेड की गई। यहाँ 5 आरोपी मौके पर मिले – रवि यादव, नीरज नेताम उर्फ दउवाराम, शेख कलीमुद्दीन, शैलेन्द्र उर्फ बिहारी और राज पटेल।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 31,000 लीटर डीजल और 15,300 लीटर पेट्रोल (कुल 42.90 लाख रुपये मूल्य) जब्त किया। साथ ही तीन टैंकर वाहन, चाड़ी और पाइप भी सीज किए गए।
दूसरा मामला – 1.40 लाख का माल जब्त
इसी तरह रिंग रोड-3, पिरदा चौक स्थित सूरज शाह के यार्ड में छापेमारी कर पुलिस ने अखिलेश चौबे, नीरज कुमार, अरविंद गोड और रोहित सरोज को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर 1,500 लीटर डीजल और 40 लीटर पेट्रोल (कुल 1.40 लाख रुपये मूल्य) बरामद हुआ। यहाँ से भी एक टैंकर वाहन और अन्य उपकरण जब्त किए गए।

आरोप और आगे की कार्रवाई
दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 287 बीएनएस और 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। वहीं, फरार यार्ड संचालकों की तलाश जारी है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऐसे किसी भी अवैध भंडारण या बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



