
Raipur: ED पर भूपेश बघेल का गंभीर आरोप, व्यापारियों पर दबाव और शारीरिक प्रताड़ना का दावा
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि ईडी व्यापारियों पर दबाव बनाकर उनका और अन्य लोगों का नाम लेने के लिए मजबूर कर रही है। बघेल ने इसे सरकार के संरक्षण में खुली गुंडागर्दी करार दिया है।

व्यापारियों को शारीरिक प्रताड़ना का आरोप
भूपेश बघेल ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो के साथ पोस्ट साझा करते हुए कहा कि ईडी व्यापारियों के यहां छापेमारी के बाद पूछताछ के नाम पर उन्हें बुलाकर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दे रही है। उन्होंने लिखा, “व्यापारियों को बुलाकर उनसे मेरा नाम, रामगोपाल अग्रवाल और अन्य लोगों का नाम लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित जब पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराने पहुंचते हैं, तो न तो उनकी शिकायत दर्ज की जाती है और न ही उनकी मेडिकल जांच कराई जाती है।”
हेमंत चंद्राकर के साथ बर्बरता का दावा
बघेल ने एक विशिष्ट मामले का जिक्र करते हुए बताया कि सोमवार को रायपुर के व्यापारी हेमंत चंद्राकर को ईडी के एक अधिकारी ने पूछताछ के बहाने बुलाया। इस दौरान उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, गालियां दी गईं और अभद्र व्यवहार किया गया। बघेल ने इस घटना को बेहद निंदनीय बताया और कहा कि यह कानून के दुरुपयोग का स्पष्ट उदाहरण है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



