
Dhamtari: नवरात्रि के पावन पर्व के बीच मासूम के साथ दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़: जहां एक ओर पूरे देश में नवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है और कन्या को दुर्गा माता का रूप मानकर उनकी पूजा-अर्चना की जा रही है, वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक शर्मनाक और दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र में एक 5 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ईंट भट्ठे में काम करने वाले मजदूर ने दिया वारदात को अंजाम
घटना धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र के एक गांव की है, जहां एक ईंट भट्ठे में काम करने के लिए कुछ मजदूर परिवारों के साथ आए हुए थे। इनमें एक परिवार के साथ 5 साल की एक मासूम बच्ची भी थी। जानकारी के अनुसार, उसी ईंट भट्ठे में काम करने वाला एक युवक बच्ची को बहला-फुसलाकर जंगल की ओर ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजनों और गांव वालों ने तत्काल 108 एंबुलेंस बुलाकर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही धमतरी पुलिस हरकत में आ गई। केरेगांव थाना प्रभारी टी.एल. डड़सेना ने तुरंत घटनास्थल का दौरा किया और आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके साथ ही एएसपी मणि शंकर चंद्रा, डीएसपी मोनिका मरावी और कोतवाली थाना प्रभारी जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात की। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित दुष्कर्म से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



