
Raigarh में बड़ी चोरी का पर्दाफाश: कोतवाली पुलिस ने एक चोर और चोरी का माल छिपाने वाले को किया गिरफ्तार
रायगढ़। कोतवाली पुलिस ने मधुबनपारा में एक सुने मकान में हुई करीब नौ लाख रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए एक चोर और चोरी का सोना छिपाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। चोरी में शामिल दो अन्य आरोपी पहले से ही अन्य मामलों में जेल में बंद हैं। चोरों ने मकान से नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और एक आईफोन 16 प्रो मैक्स समेत नौ लाख रुपये की संपत्ति चुराई थी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंची।

28 अगस्त को हुई थी चोरी की वारदात
जानकारी के अनुसार, मधुबनपारा निवासी आरजू बानो मल्लिक ने 24 सितंबर को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 28 अगस्त को वह अपने मायके जिंदल पतरापाली गई थीं। 21 सितंबर की शाम जब वह घर लौटीं, तो मकान का ताला टूटा हुआ मिला। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के वायर काटे गए थे और आलमारी का लॉकर भी तोड़ा गया था। जांच में पता चला कि घर से चार सोने के हार, तीन अंगूठियां, चार कान के सेट, चार जोड़ी चांदी की पायल, एक आईफोन 16 प्रो मैक्स और दो लाख रुपये नकद चोरी हुए हैं। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब नौ लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, शुरू की जांच
शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 491/2025 के तहत धारा 305, 331(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने एक चोर और चोरी का माल छिपाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया।
दो आरोपी पहले से जेल में बंद
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस चोरी में शामिल दो अन्य आरोपी पहले से ही अन्य आपराधिक मामलों में जेल में निरुद्ध हैं। पुलिस ने चोरी का कुछ माल बरामद कर लिया है और बाकी सामान की तलाश में छापेमारी कर रही है। आरोपियों से पूछताछ में चोरी की वारदात को अंजाम देने के तरीके और अन्य संभावित अपराधों की जानकारी जुटाई जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



