
कांग्रेसी कार्यकर्ता ने ED अधिकारी पर लगाए मानसिक प्रताड़ना और मारपीट के आरोप
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं। बीती रात कोतवाली थाने में कांग्रेसी कार्यकर्ता हेमंत चंद्राकर ने ईडी अधिकारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। हेमंत ने अपनी लिखित शिकायत में आरोप लगाया है कि ईडी अधिकारी ने पूछताछ के नाम पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और मारपीट की। पीड़ित का दावा है कि ईडी उन पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और अन्य लोगों के खिलाफ गवाही देने का दबाव बना रही है।

पूछताछ के दौरान प्रताड़ना का आरोप
रोहणीपुरम स्थित कंचनगंगा कॉलोनी के निवासी हेमंत चंद्राकर ने पुलिस को बताया कि 29 सितंबर को सुबह 10:30 बजे वह ईडी के रायपुर कार्यालय में पूछताछ के लिए गए थे। पूछताछ रात 8:30 बजे तक चली, जिसके बाद उन्हें अगले दिन फिर से आने को कहा गया। हेमंत ने अपनी शिकायत में दावा किया कि इस दौरान ईडी अधिकारी ने उन पर मानसिक दबाव बनाया और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने कहा कि अधिकारी उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और अन्य लोगों के खिलाफ बयान देने के लिए मजबूर कर रहे थे।
पुलिस में दर्ज हुई शिकायत
हेमंत चंद्राकर ने कोतवाली थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है। उनकी शिकायत में कहा गया है कि ईडी की इस कार्रवाई से उनकी मानसिक स्थिति पर गहरा प्रभाव पड़ा है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



