
Raipur सेंट्रल Jail में 800 से अधिक कैदियों का उपवास
रायपुर। नवरात्रि के अवसर पर रायपुर सेंट्रल जेल में भक्ति और आस्था का अनूठा स्वरूप देखने को मिला। यहां 800 से अधिक कैदियों ने नवरात्र पर उपवास रखा और अपराध मुक्त समाज की कामना करते हुए मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की।

जेल परिसर में ही कैदियों ने मिट्टी से मां दुर्गा की प्रतिमाएं तैयार कीं। कुल तीन प्रतिमाएं बनाई गईं, जिनमें से एक महिला जेल में और दो पुरुष जेल में स्थापित की गईं। इन प्रतिमाओं को पूरी श्रद्धा और सजावट के साथ कैदियों ने स्वयं तैयार किया, जो भक्ति और आस्था के साथ-साथ उनके कौशल को भी प्रदर्शित करता है।
महिला कैदियों की आस्था
महिला जेल में 31 महिला बंदिनियों ने 3 दिन का व्रत रखा। इसके अलावा 49 महिला बंदिनियों ने पूरे 9 दिन का व्रत रखकर मां दुर्गा की आराधना की। महिला कैदियों ने पूजा-अर्चना में बढ़-चढ़कर भाग लिया और भक्ति में लीन रहीं।

पुरुष कैदियों की श्रद्धा
वहीं पुरुष जेल में भी आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहां कुल 722 बंदियों ने 9 दिन का व्रत रखा और हर दिन मां की भक्ति में शामिल होकर सुबह-शाम पूजा-अर्चना की। कैदियों का मानना है कि इस साधना और भक्ति से उन्हें नई दिशा मिलेगी और वे अपराध मुक्त समाज की स्थापना में योगदान कर पाएंगे।
अपराध मुक्त समाज की कामना
इस अवसर पर कैदियों ने सामूहिक रूप से प्रार्थना की कि समाज से अपराध का अंत हो और सभी को जीवन में नई शुरुआत का अवसर मिले। जेल प्रशासन ने भी इस धार्मिक
आयोजन में सहयोग किया और कैदियों को सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित किया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



