
Raipur:हत्या को आत्महत्या दिखाने की साजिश नाकाम, चार आरोपी गिरफ्तार
रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्रांतर्गत उरकुरा रेलवे लाइन पर 10 सितंबर को एक अज्ञात युवक का शव मिला। शव के सिर और चेहरे पर गहरी चोटों के निशान थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि युवक की मौत गला दबाने और सिर पर चोट से हुई है।

सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
मृतक की पहचान के लिए पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मृतक का फोटो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित किया गया। इसके बाद मृतक की पहचान ओमकार ओझा (27 वर्ष), निवासी बक्सर, बिहार (हाल निवासी कुम्हारी, दुर्ग) के रूप में हुई।
क्षणिक विवाद बना हत्या का कारण
जांच में खुलासा हुआ कि ओमकार ओझा शराब सेवन के दौरान आरोपियों से विवाद में उलझ गया था। इसके बाद अजय दास मानिकपुरी, भानू दास मानिकपुरी, कमलेश दास और पीकेश दास ने मिलकर उसकी पिटाई की और गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया ताकि घटना को आत्महत्या जैसा दिखाया जा सके।
तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मृतक का मोबाइल संजय निषाद नामक व्यक्ति के पास है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि मोबाइल उसे आरोपियों से मिला था। इसके आधार पर पुलिस ने अन्य तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी और कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन, ई-रिक्शा और घटना में प्रयुक्त मोबाइल जब्त किया। उनके खिलाफ धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फरार आरोपी की तलाश
घटना का एक आरोपी अजय दास मानिकपुरी अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपी
1. भानू दास मानिकपुरी (20 वर्ष)
2. पीकेश मानिकपुरी (20 वर्ष)
3. कमलेश दास (21 वर्ष)
4. संजय निषाद (18 वर्ष)
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



