
IIT Bhilai के फेस-2 परियोजना का शिलान्यास, पीएम मोदी ने किया वर्चुअल उद्घाटन
दुर्ग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज झारसुगुड़ा, ओडिशा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान देश के आठ भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में विभिन्न अधोसंरचना विकास कार्यों का वर्चुअल शिलान्यास किया। इसमें छत्तीसगढ़ के आईआईटी भिलाई की फेस-2 परियोजना भी शामिल है। इसके साथ ही आईआईटी पटना, आईआईटी इंदौर, आईआईटी जोधपुर, आईआईटी तिरुपति, आईआईटी पलक्कड़, आईआईटी धारवाड़ और आईआईटी जम्मू के फेस-2 परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया गया। इस समारोह का सीधा प्रसारण आईआईटी भिलाई के नालंदा व्याख्यान कक्ष में आयोजित किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और अहिवारा के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा उपस्थित रहे।.

छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि देश के आठ आईआईटी में विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाना छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से तकनीकी शिक्षा का विस्तार होगा और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। छत्तीसगढ़ सरकार तकनीकी ज्ञान को प्राथमिकता देते हुए इसके विस्तार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने इस अवसर पर सभी को अपनी बधाई और शुभकामनाएं दीं।

आईआईटी भिलाई में बढ़ेगी शोधार्थियों की संख्या
आईआईटी भिलाई के निदेशक प्रो. डॉ. राजीव प्रकाश ने समारोह में संस्थान की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि फेस-2 परियोजना के पूर्ण होने पर आईआईटी भिलाई में शोधार्थी छात्रों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे न केवल तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि शोध और नवाचार के क्षेत्र में भी संस्थान नई ऊंचाइयों को छूएगा।
तकनीकी शिक्षा के विस्तार की दिशा में कदम
यह शिलान्यास समारोह छत्तीसगढ़ के लिए तकनीकी शिक्षा और शोध के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है। फेस-2 परियोजना के तहत आईआईटी भिलाई में नए शैक्षणिक भवन, प्रयोगशालाएं और अन्य अधोसंरचनात्मक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जो छात्रों और शोधकर्ताओं को बेहतर अवसर प्रदान करेंगी। इस परियोजना से न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी तकनीकी क्षेत्र में योगदान बढ़ेगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



