प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (27 सितंबर) को एक वर्चुअल समारोह में आईआईटी भिलाई के चरण-बी (Phase-B) निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने आईआईटी पटना, इंदौर, जोधपुर, तिरुपति, पलक्कड़, धारवाड़ और जम्मू के चरण-बी कार्यों का भी शुभारंभ किया।
केंद्र सरकार ने आईआईटी भिलाई के चरण-बी कार्यों के लिए 2,257.55 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।इसमें से 1,092 करोड़ रुपये भवन और परिसर निर्माण पर खर्च किए जाएंगे।इस विस्तार के बाद परिसर का निर्मित क्षेत्र 1,51,343 वर्ग मीटर तक बढ़ जाएगा।
रिसर्च पार्क की स्थापना
परिसर के तीसरे फेस में छत्तीसगढ़ का पहला रिसर्च पार्क स्थापित किया जाएगा।यह रिसर्च पार्क आधुनिक तकनीकी अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देगा।इससे राज्य के उद्योग, स्टार्टअप और उच्च शिक्षा संस्थानों को लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आईआईटी न सिर्फ शिक्षा और अनुसंधान का केंद्र है, बल्कि यह देश की प्रगति का आधार भी है। चरण-बी के पूरा होने के बाद आईआईटी भिलाई न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए नवाचार और विकास का एक प्रमुख केंद्र बनेगा।