
Raipur की सड़कों पर हुड़दंगियों का आतंक
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की सड़कों पर देर रात हुड़दंगियों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात शहर की प्रमुख सड़कों पर कार की खिड़कियों और रूफटॉप पर लटककर खतरनाक स्टंट करते हुए कुछ युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो बूढ़ापारा, केनाल रोड, मंदिर हसौद और रसनी टोल प्लाजा जैसे इलाकों का बताया जा रहा है। इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खतरनाक स्टंट और बुलंद हौसले
वायरल वीडियो में कई गाड़ियों से युवक रातभर सड़कों पर हंगामा मचाते नजर आ रहे हैं। कारों की खिड़कियों से लटकना, रूफटॉप पर खड़े होकर स्टंट करना और सड़क पर लापरवाही से गाड़ी चलाना जैसे दृश्य वीडियो में साफ देखे जा सकते हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि ये युवक न केवल अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी खतरा पैदा कर रहे हैं।
पुलिस की गश्त पर उठे सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि शहर की मुख्य सड़कों पर इतना बड़ा हंगामा मचने के बावजूद पुलिस की गश्ती दल या पेट्रोलिंग वाहनों ने इन हुड़दंगियों को क्यों नहीं रोका? रात के समय इन इलाकों में पुलिस की मौजूदगी न होने से इन युवकों के हौसले और बुलंद हुए। इतना ही नहीं, इन युवकों ने अपने कारनामों को रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर स्टेटस के रूप में साझा किया, जिससे उनकी बेखौफ मानसिकता का पता चलता है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
वायरल वीडियो में दिख रहे दृश्यों ने न केवल आम लोगों को हैरान किया है, बल्कि पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। लोग पूछ रहे हैं कि आखिर रायपुर जैसे बड़े शहर में ऐसी हरकतों को रोकने के लिए क्या उपाय किए जा रहे हैं? सोशल मीडिया पर इन वीडियो को देखकर लोग अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



