
मुख्यमंत्री की पसंद पर विकास शील होंगे छत्तीसगढ़ के नए मुख्य सचिव
रायपुर। छत्तीसगढ़ को नया मुख्य सचिव मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री की पसंद माने जाने वाले आईएएस अधिकारी विकास शील को राज्य का 13वां मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया। वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन 30 सितम्बर को सेवानिवृत्त होंगे और उसी दिन शाम को औपचारिक रूप से विकास शील को पदभार सौंप देंगे।
मुख्यमंत्री की पसंद से बनी राह
बताया जा रहा है कि विकास शील की नियुक्ति सीधे मुख्यमंत्री की पसंद पर हुई है। वे वर्ष 2018 से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर थे और जनवरी 2024 से एशियन डेवलपमेंट बैंक में कार्यकारी निदेशक के सलाहकार पद पर तैनात थे। हाल ही में केंद्र सरकार ने उनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त कर उन्हें वापस बुलाया, जिससे उनके मुख्य सचिव बनने का रास्ता साफ हो गया।

शैक्षणिक और प्रशासनिक
- विकास शील उत्तर प्रदेश के मूल निवासी हैं।
- उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीई और इसके बाद एमई भी इलेक्ट्रिकल में की है।
- 4 सितंबर 1994 को उन्होंने आईएएस सेवा ज्वॉइन की थी।
- उनका प्रारंभिक कैडर मध्यप्रदेश था, लेकिन छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ कैडर चुन लिया।
उन्होंने छत्तीसगढ़ में कोरिया, बिलासपुर और रायपुर जिलों में कलेक्टर के रूप में कार्य किया। इसके अलावा स्कूली शिक्षा, खाद्य विभाग, सामान्य प्रशासन और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी भी संभाली है।
पत्नी भी हैं आईएएस अधिकारी
विकास शील की पत्नी निधि छिब्बर भी छत्तीसगढ़ कैडर की आईएएस अधिकारी हैं। वर्तमान में वे शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी जिम्मेदारियों को संभाल रही हैं।
कितने साल तक रहेंगे मुख्य सचिव?
नए मुख्य सचिव विकास शील का जन्म जून 1969 में हुआ था। उनका कार्यकाल जून 2029 तक है, यानी वे लगभग पौने चार साल (साढ़े तीन साल से अधिक) तक मुख्य सचिव की जिम्मेदारी निभा सकेंगे।
वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन छत्तीसगढ़ में अब तक सबसे लंबे समय तक इस पद पर रहे हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



