
Janjgir Champa: नौकरी के नाम पर 3 लाख की ठगी, फरार आरोपी गिरफ्तार
नवागढ़ पुलिस ने की कार्रवाई, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले की नवागढ़ पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपी चंद्रकांत चौहान उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420 के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी कोरबा जिले के बांकीमोंगरा का निवासी है।

सोशल मीडिया के जरिए ठगी का जाल
पुलिस के अनुसार, पीड़िता रूखमणी चौहान ने 19 जनवरी 2022 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मुलाकात सोशल मीडिया के माध्यम से चंद्रकांत चौहान उर्फ गोलू से हुई थी। आरोपी ने खुद को SCEL में अधिकारी के पद पर कार्यरत बताया और अपने परिवार के अन्य सदस्यों को भी उच्च पदों पर होने का दावा किया। इस दौरान उसने पीड़िता को झांसे में लेकर वन मंडल विभाग निगम में सीधी भर्ती के जरिए नौकरी दिलाने का वादा किया।
3 लाख 23 हजार रुपये की ठगी
आरोपी ने पीड़िता से नौकरी दिलाने के नाम पर अलग-अलग किश्तों में 3 लाख 23 हजार रुपये की मांग की, जिसे पीड़िता ने उसे दे दिया। पैसे लेने के बाद आरोपी फरार हो गया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की और जांच शुरू की।
3 साल बाद आरोपी गिरफ्तार
लगभग तीन साल तक फरार रहे चंद्रकांत चौहान को नवागढ़ पुलिस ने आखिरकार धर दबोचा। पुलिस ने कड़ी मेहनत और जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी भी जारी है और अन्य संभावित पीड़ितों से भी पूछताछ की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



