
रामानुजगंज: पांगन नदी किनारे युवती की हत्या का खुलासा, प्रेमी ने गला घोंटकर की थी हत्या
रामानुजगंज। सनावल थाना क्षेत्र के ग्राम तारकेश्वरपुर में पांगन नदी किनारे युवती की संदिग्ध लाश मिलने के मामले में पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि मृतका के प्रेमी ने ही आपसी विवाद के चलते उसकी गला घोंटकर हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में तकनीकी साक्ष्य और गवाहों की मदद से पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

नदी किनारे मिली थी संदिग्ध लाश
18 सितंबर को सनावल थाना क्षेत्र के तारकेश्वरपुर में पांगन नदी के किनारे एक युवती का शव संदिग्ध हालत में मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें शॉर्ट पीएम रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि युवती की मौत सामान्य नहीं थी, बल्कि हत्या की आशंका थी। इसके आधार पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया।

पुलिस ने बनाई विशेष टीम
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इस अंधे कत्ल की गुत्थी को जल्द सुलझाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी वाड्रफनगर और रामानुजगंज के मार्गदर्शन में सनावल थाना और साइबर सेल की एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने गवाहों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को गति दी। जांच के दौरान मृतका का प्रेमी, उत्तरप्रदेश के तेंदुलवा गांव का रहने वाला शिवनारायण, पुलिस के शक के दायरे में आया।
प्रेमी ने कबूला जुर्म
पुलिस ने शिवनारायण को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि 17 सितंबर की रात करीब 11 बजे वह शराब के नशे में अपनी प्रेमिका से मिलने पांगन नदी किनारे गया था। वहां मोबाइल फोन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में उसने प्रेमिका के गले में लिपटे स्टॉल को खींचा, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ी और बाद में उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद उसने सबूत छिपाने की कोशिश की।
सबूत छिपाने की कोशिश नाकाम
आरोपी ने मृतका का मोबाइल छिपा दिया, सिम कार्ड तोड़कर धान के खेत में फेंक दिया और गले में बंधा स्टॉल नदी में डालकर फरार हो गया। अगले दिन वह अपने घर लौटा और मोबाइल को कॉपी बुक के नीचे छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी के बताए अनुसार मोबाइल और सिम कार्ड बरामद कर लिया। पर्याप्त सबूतों के आधार पर पुलिस ने शिवनारायण को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



