
Bhilai में बड़ा हादसा टला: पावर हाउस मार्केट में दुकान की फॉल सीलिंग गिरी
भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत पावर हाउस मार्केट में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। जैक्सन्स एंटरप्राइजेस नामक दुकान की फॉल सीलिंग अचानक जोरदार आवाज के साथ धराशायी हो गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे का भयावह दृश्य स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

दुकान में मौजूद थे मालिक और ग्राहक
घटना के समय दुकान के मालिक मनोज कृष्णानी और ग्राहक रोहन अग्रवाल दुकान के भीतर मौजूद थे। अचानक छत से फॉल सीलिंग के गिरने से दोनों सकते में आ गए। गनीमत रही कि समय रहते दोनों सुरक्षित रूप से बाहर निकल आए, जिसके कारण कोई गंभीर चोट या जनहानि नहीं हुई। हालांकि, इस हादसे में दुकान के भीतर रखा सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे व्यापारी को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ हादसा
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि फॉल सीलिंग अचानक नीचे गिरती है और दुकान में धूल का गुबार फैल जाता है। इस दृश्य ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों में दहशत पैदा कर दी है। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों ने इस हादसे को सुरक्षा मानकों की अनदेखी का परिणाम बताया।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
इस घटना ने पावर हाउस मार्केट और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों ने मांग की है कि प्रशासन द्वारा सभी दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की इमारतों की जांच की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



